IPL: RCB से बदला चुकता करने उतरेंगे नाइट राइडर्स, KKR के पास 'फर्ग्यूसन' तूफानी तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन को देर से मौका देने के बा...
तूफानी तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन को देर से मौका देने के बाद केकेआर की टीम ने लय हासिल कर ली है और आरसीबी के खिलाफ पहले चरण में मिली हार का बदला चुकता करने उतरेगी.
आईपीएल के 13वें सीजन के 39वें मैच में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीमें आमने-सामने होंगी. तूफानी तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन को देर से मौका देने के बाद केकेआर की टीम ने लय हासिल कर ली है और आरसीबी के खिलाफ पहले चरण में मिली हार का बदला चुकता करने उतरेगी. अबु धाबी में यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा.
आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 25 मुकाबले (2008-2020) हो चुके हैं. बेंगलुरु ने 11, जबकि कोलकाता ने 14 में जीत हासिल की है. इस सीजन में दोनों के बीच हुए पहले मुकाबले में कोलकाता को आरसीबी ने मात दी थी.
कोलकाता ने पिछले मैच में न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज फर्ग्यूसन को को मौका दिया और उन्होंने अपनी तेजी और विविधता से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को ध्वस्त कर दिया. फर्ग्यूसन ने केकेआर की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने चार ओवरों में 15 रन पर तीन विकेट चटकाने के बाद सुपर ओवर में दो रन देकर दो विकेट हासिल किए.
पिछले सीजन में केकेआर की ओर से पांच मैचों में सिर्फ दो विकेट चटकाने वाले फर्ग्यूसन ने सत्र की अपनी पहली ही गेंद पर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को आउट किया और फिर अपनी तेज और धीमी गेंदों के मिश्रण से सभी बल्लेबाजों को परेशान किया. मॉर्गन की अगुवाई वाली केकेआर की टीम 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि पांच मैच बचे हैं
ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस (9 मैचों में 3 विकेट) उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और ऐसे में टीम को अब फर्ग्यूसन से काफी उम्मीदें हैं. टीम हालांकि पहले चरण के मैच में आरसीबी के खिलाफ 82 रनों की हार की हार भूली नहीं होगी, जिसमें एबी डिविलियर्स ने 33 गेंदों में नाबाद 73 रनों की पारी खेली.
यह देखना रोमांचक होगा कि डिविलियर्स, आरसीबी के कप्तान विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ मॉर्गन इस तेज गेंदबाज (फर्ग्यूसन) का इस्तेमाल किस तरह करते हैं.
No comments